निंबोला पुलिस ने लूट गैंग का किया पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
किसानों से 2.68 लाख की लूट ,चार बदमाश पकड़ाए, नकद–मोबाइल जब्त
बुरहानपुर के निम्बोला थाना पुलिस ने लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देश में एसडीओपी नेपानगर निर्भय सिंह अलावा और थाना प्रभारी राहुल कामले की टीम द्वारा की गई।
महाराष्ट्र के बीड जिले के किसान शशिकांत पाटिल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह दो साथियों के साथ गन्ना कटाई मजदूरों को लेने खातला फाटा बुरहानपुर आए थे । चाय पीते समय एक व्यक्ति देवेंद्र भारकर उनसे मिला और मजदूर दिखाने का झांसा देकर सभी को जंगल की ओर ले गया। वहां आरोपी और उसके साथियों ने हमारे साथ मारपीट कर मोबाइल फोन, चांदी-सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए। कुल करीब 2 लाख 68 हजार रुपये की लूट की गई थी।
पुलिस ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और साइबर इनपुट के आधार पर चार आरोपियों—राजेश उर्फ राजू खतरे, देवसिंग बडोले, सोनू बडोले और दीपक बडोले—को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों के पास से 61,500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन, कुल 86,500 रुपये का सामान जब्त किया गया है। गैंग के अन्य फरार सदस्यों और शेष माल की तलाश जारी है।